जौनपुर। जलालपुर बाजार में हुए सड़क हादसे के बाद घटना स्थल से लेकर जिला अस्पताल तक कोहराम मचा रहा। हादसे के शिकार हुए लोगों के परिवार से लेकर उनके रिश्तेदार और गांव के लोगों की भीड़ लगी रही।
सुबह कराब साढ़े आठ बजे जलालपुर चौराहे के पास हुए हादसे में छह लोगों की मौत और चार लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने सभी घायल और मृतकों को भी फौरन जिला अस्पताल पहुंचा दिया। हादसे की खबर लगते ही पहले लोग घटना स्थल पर पहुंचे और वहां जैसे ही पता चला कि हादसे के शिकार सभी दस लोगों को पुलिस जिला अस्पताल पहुंचा दी है तो रोते बिलखते परिजन और उनके रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंच गए। देखते ही देखते जिला अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। अस्पताल परिसर में चारो ओर करुण क्रंदन से लोगों का कलेजा दहल जा रहा था। जिला अस्पताल में मृत घोषित छह लोगों को के शव को मर्चरी हाउस से दोपहर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। दोपहर बाद पोस्टमार्टम हाऊस पर भी भीड़ जमा हो गई। यहां कोई अपने को खोने के गम में रो रहा था तो कोई उन्हें ढांढस बंधा रहा था। पुलिस ने देर शाम को सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया।