बक्शा । फतेहगंज बाजार में सोमवार को सुबह दो गुटों के लोग आमने सामने हो गए। दोनों तरफ से ईंट पत्थर चले। लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। तनाव को देखते हुए बाजार में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
फतेहगंज बाजार निवासी पप्पू गुप्ता का बेटा सूरज (19) सोमवार को सुबह करीब 11 बजे बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था। बाजार के दक्षिणी छोर पर स्थित पुलिया के समीप बाजार के चार-पांच युवकों ने उसे रोककर पिटाई कर दी। सूरज की बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। वह बाइक छोड़कर भागते हुए घर पहुंचा। घटना के बारे में परिजनों को बताया तो सूरज की ओर से करीब बीस लोग लाठी-डंडे लेकर दूसरे पक्ष के घर की ओर चल दिए। यह देख दूसरी तरफ से भी लोग लाठी डंडे और ईंट पत्थर के साथ सामने आ गए। दोनों तरफ से ईंट पत्थर चलने लगे। बवाल बढ़ता देख बाजार की दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे । बाजार के कुछ लोगों बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। कुछ देर बाद एक पक्ष के लोग बड़ी संख्या में हनुमान मंदिर परिसर में जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। सीओ सदर विनय द्विवेदी बक्शा व सिकरारा थाने की पुलिस के साथ पहुंच गए। पीड़ित सूरज की तहरीर पर पुलिस ने दोषियों पर कारवाई का आश्वासन देकर लोगों के गुस्से को शांत कराया। सीओ सदर विनय का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट के आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एहतियात के तौर पर बाजार में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।