बदलापुर /घनश्यामपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के रूपचंदपुर निवासी अविनाश सिंह की हत्या की विवेचना अन्य थाने के दरोगा से कराए जाने की मांग अविनाश के भाई मुकेश सिंह ने की है। उसने बुधवार को एसपी को इस संबंध में प्रार्थना पत्र दिया।
मुकेश का आरोप है कि उसके भाई अविनाश सिंह की चार अप्रैल की शाम सात बजे मनीष कुमार सिंह तथा मनोज कुमार सिंह व विशाल कुमार सिंह निवासी मिरशादपुर ने घर से अपहरण कर लिया था। रास्ते में कहीं ले जाकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मुकेश ने यह भी आरोप लगाया है कि थाना बदलापुर पुलिस इस प्रकरण में जानकारी देने के बाद भी अभी तक अपहरण की धारा को बदलकर हत्या की धारा की धारा नहीं की है। पुलिस मामले की लीपापोती में लगी है। उनका भरोसा बदलापुर पुलिस पर नहीं है। मुकेश ने पुलिस अधीक्षक से इस बात की शिकायत की है कि भाई अविनाश सिंह की हत्या में नामजद आरोपियों से उसका परिवार खौफ में जी रहा है।