मडियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के कनवा गांव के पास मंगलवार को सुबह माइनर में हत्या कर फेंका गया शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिवार वालों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान कनवा गांव निवासी पवन पांडेय के रूप में हुई।
कनवा गांव के लोग सुबह टहलने निकले थे। बिजुर्गा माइनर की पुलिया पर बैठे लोगों की नजर पानी में औंधे मुंह गिरे युवक पर पड़ी। पास में जाकर लोगों ने देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। शोर मचा तो गांव वालों की भीड़ जमा हो गई। युवक की पहचान कनवा गांव निवासी विवेकानंद पांडेय के पुत्र पवन पांडेय(19) के रूप में हुई। जानकारी होने परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची ने बताया कि युवक के गले पर चोट के निशान थे। परिवार के लोगों का आरोप है कि उसकी हत्या कर शव को माइनर में फेंक दिया गया है। मृत युवक के चाचा देवानंद पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पवन पांडेय घर पर ही किराना की दूकान चलाता था। परिजनों के अनुसार वह सोमवार को दोपहर से ही घर से गायब था। रात में वह देर तक वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों ने खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। उसका मोबाइल फोन भी बंद था।