मछलीशहर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के मतरी गांव में मंगलवार को शार्ट सर्किट से लगी आग में एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड भी पहुंचा लेकिन तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे।
मतरी मथुरा गांव निवासी सुक्खू राम यादव के खेत के ऊपर से गुजरे बिजली के तार पोल से ढीले होकर काफी नीचे तक लटक रहे हैं। दोपहर में तेज हवा चलने पर तीनों तार आपस में टकराने लगे। शार्ट सर्किट से पक कर तैयार गेहूं की फसल में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग तेजी से खेत में फैलने लगी। शोर मचा तो गांव के लोग जुट गए। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई लेकिन काफी देर बाद जब फायर ब्रिगेड पहुंचा तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे। एक एकड़ से अधिक की फसल जल कर राख हो गई।