जौनपुर। जिले के तीन थाना क्षेत्रों में लूटेरों ने लूट की घटना को अंजाम दिया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। बदलापुर पुलिस अगर सक्रिय रहती तो सराफ की दुकान पर लूट की दूसरी घटना नहीं होती। बदलापुर में दो सराफा से बदमाश करीब साढ़े 5 लाख रूपए के आभूषण लूटकर फरार हो गए और पुलिस हांफती रह गई। इसी तरह बदमाशों ने मुंगराबादशाहपुर और मड़ियाहूं में भी लूट की घटना को अंजाम दिया।
बदलापुर थाना क्षेत्र के सराय त्रिलोकी गांव के पास रविवार को दोपहर में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने सराफ कारोबारी को पिस्टल सटाकर ढाई लाख रुपए के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना के बाद प्रभारी निरीक्षक व यूपी 100 की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। महराजगंज बाजार निवासी दीपक सोनी त्रिलोकी बाजार में सराफ की दुकान चलाते हैं। वह घर से दुकान की तरफ जा रहे थे अभी दुकान से एक किमी पहले उमरी गांव से आगे बढ़े ही थे कि तकरीबन साढ़े 11 बजे विपरीत दिशा से आए बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने दीपक की गाड़ी को रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते बदमाशों ने कनपटी पर पिस्टल सटा दी और गहने से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित दीपक सोनी का कहना है कि बाइक में एक लाख रुपए के चांदी के आभूषण व डेढ़ लाख रुपये के सोने के आभूषण रखे थे। सूचना पर सीओ सौम्या पांडेय भी मौके पर पहुंची। लूट की घटना को लेकर बदलापुर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल सिंह शक्ति, घनश्यामपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष चंचल सिंह तथा महराजगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष अरविंद उर्फ बबलू सोनी ने घटना की निंदा की।
बदलापुर पुलिस लूट की घटना के बाद सक्रिय रही होती तो बदमाश शाम को क्षेत्र के पूरालाल बाजार में दूसरी घटना को अंजाम नहीं दे पाते। पुलिस की शिथिलता की वजह से पहली घटना की तर्ज पर नकाबपोश बदमाशों ने सराफ की दुकान में घुसकर पिस्टल सटाकर नगदी समेत करीब तीन लाख के आभूषण लूटकर फरार हो गए। दो-दो लूट की वारदातों के बाद पुलिस हांफने लगी और लूटेरों के पीछे दौड़ती रही।
थाना क्षेत्र के पूरालाल बाजार में ओमप्रकाश सोनी ऊर्फ मेघई की आभूषण की दुकान है। करीब शाम पांच बजे वह दुकान पर बैठकर पायल जोड़ रह थे। उसी समय बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाश पहुंचे और पिस्टल सटाकर तिजोरी खोलने के लिए कहा। तिजोरी खोलवाकर लगभग तीन लाख के आभूषण व नगदी लेकर सिंगरामऊ की तरफ भाग गए। सूचना मिलते ही क्षेत्र में गश्त कर रहे प्रभारी निरीक्षक सुनील दत्त राय और सीओ सौम्या पांडेय मौके पर पहुंचे।
मडियाहूं कोतवाली क्षेत्र के परसथ पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार बदमाशों ने पति के साथ जा रही एक महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। ढकवा प्रतापगढ़ क्षेत्र के नचरौला मानापुर निवासी अध्यापक कपिल देव गिरी रविवार को अपनी पत्नी चांदनी व एक बच्चे को अपने ससुराल नेवढिया थाना क्षेत्र के खेतापुर गांव से बाइक से अपने घर जा रहे थे। वह जैसे ही मडियाहूं क्षेत्र के परसथ गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने बाइक पर पीछे बैठी उनकी पत्नी चांदनी 32 वर्ष के गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने इसकी सूचना डॉयल 100 पुलिस को दी।
मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के इटहरा निवासी डॉ. ओंकारनाथ दुबे से रविवार की शाम मुंगराबादशाहपुर प्रतापगढ़ बार्डर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा सटाकर मोबाइल व रूपए लूटकर फरार हो गए। डॉ. ओंकारनाथ दुबे फतनपुर क्षेत्र के बेहदौल कला में निजी चिकित्सालय चलाते हैं। प्रतिदिन की तरह वह शाम को घर आ रहे थे जैसे ही पूरे गोसाई नहर के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने आगे बाइक खड़ीकर ओंकार नाथ दुबे की कनपटी पर तमंचा सटा दिया। बैग और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। संयोग से बैग में मात्र 300 सौ रूपए ही थे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
बदलापुर में सराफ कारोबारियों के साथ हुई लूट की घटना में केस दर्ज कर लिया गया है। वर्काआउट के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। मड़ियाहूं की घटना मारपीट की है। मुंगराबादशाहपुर की घटना की जांच कराई जा रही है। -केके चौधरी, एसपी