जानसठ। गांव तिसंग में रीडिंग लेते समय संविदा कर्मी को कुछ लोगों द्वारा मारपीट कर घायल कर दिया गया। पीड़ित द्वारा थाने में तहरीर देने पर आरोपी पक्ष ने भी उस पर घर में घुसकर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। गांव तिसंग निवासी अंकुश पुत्र सुनील विद्युत उपकेंद्र तिसंग पर संविदा कर्मी है। वह रविवार को गांव में ही घरों में जाकर रीडिंग लेकर बिल बना रहा था। इसी दौरान एक घर के उपभोक्ता ने बिल अधिक बनाने का आरोप लगाते हुए कर्मचारी के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। आरोपी पक्ष ने भी संविदा कर्मी पर रीडिंग के दौरान एक युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। एसएसआई मनोज कुमार यादव ने बताया कि संविदा कर्मी तथा आरोपी पक्ष की तहरीर आई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।