जौनपुर। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं के नाम से फर्जी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर शहर में आवेदन फार्म बेचा जा रहा। 20 रुपये की दर से बेचे जा रहे इस फार्म को खरीद कर उसकी औपचारिकता पूरी कर जमा करने वालों की भीड़ लगी है। शिकायत पर मंगलवार को एलआईयू और पुलिस की टीम ने शहर के जेसीज चौराहे पर स्थित एक दूकान से सैकड़ों की संख्या में फार्म जब्त कर लिया।
फार्म बेचने वालों का दावा है कि आवेदन जमा करने वालों के घर में बेटी पैदा होने पर उसे दो लाख रुपये बतौर प्रोत्साहन राशि भारत सरकार देगी। जबकि ऐसी कोई योजना भारत सरकार की तरफ से नहीं चलाई जा रही है। मंगलवार को एसओ लाइनबाजार और एलआईयू की टीम ने जेसीज चौराहे पर स्थित एक दूकान पर छापा मारकर फार्म जब्त कर लिया। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार का कहना है कि ऐसी कोई योजना उनके विभाग से संचालित नहीं की जा रही है। आवेदन फार्म पर महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग की योजना बताई गई है।