सोनौली (महराजगंज)। भारत नेपाल सीमा पर चेकिंग के दौरान नेपाल से भारत जा रहे सात बच्चों को पुलिस ने पकड़ा। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे दिल्ली में नौकरी करने जा रहे थे। इसके बाद सोनौली पुलिस ने उन्हें नेपाल पुलिस को सौंप दिया। मौका देख उनको भारत ले जाने वाला तस्कर फरार हो गया।
सोनौली पुलिस मंगलवार शाम भारत नेपाल सीमा पर भारत से नेपाल आने जाने वाले लोगों की जांच कर रही थी। उसी समय एक साथ सात बच्चे नेपाल से पैदल ही भारत में प्रवेश करते दिखे। उनके साथ किसी को नहीं पाकर पुलिस ने उनको रोक लिया और पूछताछ की। जिसमें पता चला कि सभी अपने गांव के युवक के साथ दिल्ली मजदूरी करने के लिए जा रहे हैं। काफी देर इंतजार करने के बाद जब साथी युवक नहीं आया तो पुलिस ने सभी बच्चों को नेपाल पुलिस को सौंप दिया। चौकी प्रभारी सोनौली अवधेश नारायण तिवारी ने बताया कि सभी बच्चे आठ से दस वर्ष के हैं। संदेह होने पर रोक कर नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया। बेलहिया इंस्पेक्टर बीर बहादुर थापा ने बताया कि बच्चों के परिजनों को बुला कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।