जौनपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार हाईस्कूल के एक छात्र की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। बाइक सवार छात्र अगर हेलमेट पहने होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी, सिर में गंभीर चोट आने की वजह से उसकी मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बदलापुर थाना क्षेत्र के खमपुर गांव निवासी सुरेश कुमार रजक का बेटा पंकज (17) मंगलवार को हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा देने बाइक से गांव के ही शिवम सिंह के साथ जा रहा था। पंकज को इंटर कालेज गजेंद्रपुर जाना था जबकि शिवम को घनश्यामपुर इंटर कालेज परीक्षा केंद्र पर। बाइक पंकज चला रहा था। वह हेलमेट नहीं लगाया था। दोनों अभी तियरा बाजार के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। बारिश के चलते सड़क पर फिसलन भी थी। टक्कर के बाद पंकज की बेकाबू बाइक सड़क किनारे स्थित छप्पर में घुस गई, जहां एक बांस उसके सिर में घुस गया। दूसरे बाइक सवार मौके से बाइक समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया गया, जहां डाक्टर ने पंकज को मृत घोषित कर दिया। जबकि शिवम को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिंगरामऊ प्रतिनिधि के अनुसार वाराणसी-सुल्तानपुर हाईवे पर सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के कबेली गांव के निकट कार घड़रोज से बचे के चक्कर में पेड़ से टकरा गई। उसमें सवार सुरेश कुमार (40) जानकी प्रसाद (51), अमितेश्वर (28) निवासी बढ़ैयाबीर, सुल्तानपुर घायल हो गए। मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के इटहरा गांव के पास नेशनल हाईवे पर सुबह 10 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से टेंपो सवार छोटे लाल (45), अजय कुमार (32), आनंद कुमार (5) और विजय कुमार (35) निवासी नारायणपुर कला थाना फतनपुर प्रतापगढ घायल हो गए । बरसठी प्रतिनिधि के अनुसार नेवढिय़ा थाना क्षेत्र के पसिहाई गांव निवासी देवनाथ पटेल (55) अपनी रिश्तेदारी पुरईपुर से सुबह बाइक से घर जा रहे थे। रसूलहा बाजार के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई, जिसमें देवनाथ घायल हो गया।