डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के पतरही गांव के पास गुरुवार की रात वैवाहिक समारोह से पैदल ही घर लौट रहे किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके सीने में गोली लगने जैसा निशान है। गोली किसने मारी इसका पता नहीं चल सका है। सुबह डाग स्क्वॉड भी पहुंचा लेकिन हत्यारों का सुराग नहीं लगा सका।
पतरही गांव निवासी रामचंद्र दीक्षित के यहां लड़की की शादी थी। गांव निवासी दुखी राजभर का बेटा छोटू (12) गांव के ही तीन चार बच्चों के साथ समारोह से भोज खाकर पैदल ही घर लौट रहा था। साथ के लड़के शौच के लिए खेत में चले गए। छोटू साथियों के इंतजार में सड़क पर खड़ा रहा। उसके साथियों का कहना है कि वे शौच करके जब लौटे तो छोटू जमीन पर गिरकर तड़फड़ा रहा था। उसने कहा कि मुझे घर पहुंचा दो। साथ के बच्चे छोटू को लेकर उसके घर पहुंचे। परिवार के लोग उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग बेहद गरीब हैं। वे किसी को सूचना दिए बिना ही सुबह शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। किसी ने किशोर की मौत की सूचना पुलिस को दे दी। चंदवक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो गांव वाले अर्थी लेकर निकल रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। छोटू के परिजनों का कहना था कि उनकी आर्थिक दशा ऐसी नहीं कि वे मुकदमा लड़ सकें। लिहाजा पुलिस को सूचना दिए बगैर ही अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि मृत बालक के सीने पर गोली लगने जैसा घाव का निशान है। मगर पूछताछ में गोली चलने की बात पता नहीं चली है। ऐसे में मौत के कारण का पतापोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर हो सकेगी। सीओ सौम्या पांडेय का कहना है कि किशोर की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।