चंदवक थाना क्षेत्र के सिपाही विनय सिंह व राधेश्याम सिंह हत्याकांड में अजय उर्फ केडी सिंह व संजय के खिलाफ अपर सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार की अदालत में विभिन्न धाराओं में आरोप तय हुआ। 15 दिसम्बर को वादी केदार को कोर्ट ने गवाही के लिए तलब किया है । अन्य 12 आरोपियों के खिलाफ पहले ही आरोप तय हो चुका है। वादी केदार ने प्राथमिकी दर्ज कराया था कि 23 मई 2016 को 10:30 बजे तरांव मोड़ पर कार से जा रहे सिपाही विनय सिंह व राधेश्याम सिंह की राजनैतिक रंजिश को लेकर अजय प्रकाश उर्फ केडी एवं उसके चचेरे भाई संजय सिंह के इशारे पर अन्य आरोपियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दिया। पूर्व में वादी ने बयान दिया है कि ब्लाक प्रमुख चुनाव में हार की रंजिश को लेकर केडी और उसके साथियों द्वारा हत्याकांड को अंजाम दिया गया। वादी ने यह भी आरोप लगाया था कि उसे व गवाहों को धमकी दी गई थी कि खिलाफ में गवाही देने पर जान से हाथ धोना पड़ेगा।
पुलिसकर्मियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
जौनपुर। शाहगंज जीआरपी थाना क्षेत्र के सिपाही दोहरे हत्याकांड मामले में गवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी प्रथम बलराज सिंह ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। मामले में सुनवाई के लिए 22 दिसम्बर तिथि नियत की है। 4 फरवरी 1995 को दो बजे दिन में पुलिस लॉकअप में बंद राजकुमार यादव को जबरन छुड़ाकर ले जाने के प्रयास में आरोपियों द्वारा घातक असलहों से अंधाधुंध फायरिंग में सिपाही अजय सिंह व लल्लन सिंह की मौत हो गई। राजकुमार को आरोपी पूर्व सांसद उमाकांत यादव व अन्य आरोपी छुड़ा ले गए। आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होने के बाद विचारण चल रहा है। प्रत्येक तारीख की रिपोर्ट हाईकोर्ट भेजी जाती है। सीबीसीआईडी द्वारा मुकदमे की मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके बावजूद गवाह नहीं आ रहे हैं और मुकदमें के निस्तारण में विलंब हो रहा है।
थानाध्यक्ष महाराजगंज को अल्टीमेटम
जौनपुर। महाराजगंज थाना क्षेत्र में दलित विवाहिता से गैंगरेप के मामले में बार-बार आदेश के बावजूद थाने से रिपोर्ट न भेजने पर अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एमपी. सिंह ने थानाध्यक्ष महाराजगंज के खिलाफ धारा 349 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत 7 दिन कारावास का अल्टीमेटम जारी किया है। 19 नवंबर 2017 को 8:00 बजे रात शौच के लिए गई विवाहिता से ठेकेदार समेत चार आरोपियों द्वारा गैंगरेप किए जाने का आरोप है।
पथराव के दौरान अधिवक्ता जख्मी
जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के काली कुत्ती मोहल्ले में दो पक्षों में आपसी झगड़े में चले ईंट-पत्थर से उधर से गुजर रहे दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता ज्ञानप्रकाश सिंह को घातक चोटें आई हैं। इस घटना को लेकर अधिवक्ता संघ ने नाराजगी जतायी है। मंगलवार की शाम कालीकुत्ती मोहल्ले में रोड पर दो पक्षों में विवाद हो रहा था। एक पक्ष द्वारा पथराव किया गया। एक पत्थर उधर से स्कूटी से गुजर रहे अधिवक्ता ज्ञान प्रकाश सिंह के सिर पर लगा, जिससे वह मूर्छित होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया। जहां से डाक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। उधर घटना के विरोध में अधिवक्ता तेज बहादुर सिंह, हिमांशु श्रीवास्तव, महेंद्र सिंह, रविंद्र विक्रम सिंह, घनश्याम ओझा, ईश्वर यादव, सुरेंद्र पांडेय, सूर्य प्रकाश सिंह,वीरेन्द्र सिन्हा आदि अधिवक्ताओं ने संघ के अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह व मंत्री अनिल सिंह को प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। अधिवक्ताओं की मांग पर संघ ने प्रस्ताव पारित कर पुलिस अधीक्षक से मांग किया कि दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जाए।