जौनपुर। जिले में अलग अलग हुए सड़क हादसों में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सालय भेज दिया। घायलों को विभिन्न चिकित्सालयों में उपचार चल रहा है।
बरसठी थाना क्षेत्र के चक दोस्त दियावां गांव निवासी सूबेदार चौहान (38) अपने भतीजे आकाश (17) के साथ बाइक से किसी रिश्तेदार के घर भदोही गए थे। वहां से लौटते समय गुरुवार की रात में करीब दस बजे वह हसिया गांव के पास पहुंचे थे। गेंहू की मड़ाई होने के कारण भूसा सड़क पर उड़ रहा था। जिसके कारण सड़क पर कुछ दिखाई नहीं देने के चलते बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। आकाश के चिल्लाने की आवाज सुनकर मड़ाई कर रहे लोग पहुंचे तो देखा दोनों गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टर ने सुबेदार को मृत घोषित कर दिया। घायल आकाश को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार भटहर गांव के पास गुरुवार की रात ट्रैक्टर एंव बाइक में टक्कर हो गई। बाइक सवार रामपुर थाना क्षेत्र के अतरा गांव निवासी राजेश कुमार(40) और तियुरा गांव निवासी संजय कुमार(36) पुत्र खट्टर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी मछलीशहर में भर्ती कराया गया। जहां पर उनकी हालत गम्भीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार एक डीसीएम चालक गुरुवार की रात मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पाण्डेयपुर के पास सड़क के किनारे गाड़ी खड़ी कर उसी में सो गया। प्रयागराज से जौनपुर की तरफ जा रहा ट्रक डीसीएम में पीछे से भिड़ गया। जिससे डीसीएम चालक श्याम लाल थाना परशुरामपुर जिला बस्ती घायल हो गया। घायल चालक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।