जौनपुर। एसपी कार्यालय के पास खड़ी महाराष्ट्र के नंबर की एक स्कार्पियो को सोमवार को एसपी सिटी ने लाइन बाजार थाने भेजवा दिया। गाड़ी पर अपराध खुफिया बल का लिखा हुआ था। पुलिस ने वाहन सवार दो लोगों को हिरासत लिया जिन्हें पूछताछ कर छोड़ दिया।
सुप्रीम कोर्ट का निर्देश है कि कोई भी व्यक्ति बोर्ड लगाकर नहीं चलेगा। यही नहीं डीजीपी ने भी एक सर्कुलर जारी किया है कि पुलिस का लोगों और रंग कोई भी एनजीओ इस्तेमाल नहीं करेगा। ऐसा करते कोई पाया जाएगा तो उसे जेल भेजा जाएगा। बावजूद इसके अपने को सिकरारा थाना क्षेत्र का निवासी बताते हुए राजेंद्र प्रसाद पाठक नाम का एक व्यक्ति स्कार्पियो लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। जिसकी स्कार्पियों पर अपराध खुफिया बल उत्तर प्रदेश जौनपुर लिखा था। किसी ने इस बात की जानकारी एसपी सिटी डा. अनिल कुमार पांडेय को दी तो उन्होंने एसओ लाइन बाजार को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस ने गाड़ी सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए राजेंद्र प्रसाद पाठक ने अपने को स्पेशल आफिसर अपराध खुफिया बल का बताया। जांच में यह एक एनजीओ पाया गया। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों से पूछताछ कर रही है। एसपी सिटी अनिल पाण्डेय ने बताया कि काली फिल्म और बोर्ड उतार कर आरोपी को पूछताछ कर छोड़ दिया गया। उसे हिदायत दी गई कि गाड़ी पर किसी तरह का कोई बोर्ड नहीं लगना चाहिए।