जौनपुर। जलालपुर तथा मुंगराबादशाहपुर थाने की पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की भोर में जलालपुर के लोहगाजर गांव में संचालित हो रही अवैध शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने 2500 लीटर ओपी (ओवर प्रोसेस्ड सॉल्यूशन) और 152 लीटर अवैध शराब बरामद की।
पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि सीओ मछलीशहर के निर्देश पर गुरुवार की रात साढ़े 12 बजे सतहरिया चौकी प्रभारी अरविंद सिंह ने पुलिस बल के साथ सतहरिया बाईपास तिराहे से एक पिकअप से दस ड्रमों में भरे दो हजार लीटर ओपी (ओवर प्रोसेस्ड सॉल्यूशन) बरामद किया था। यह ओपी गाजियाबाद से लाया जा रहा था। पूछताछ के दौरान पिकअप चालक की निशानदेही पर थानाध्यक्ष जलालपुर तहसीलदार सिंह के साथ पुलिस टीम ने शुक्रवार की भोर में करीब 5:30 बजे लोहगाजर गांव में शिवपूजन सिंह के भट्ठे के पास स्थित दो मंजिला मकान में संचालित अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस दौरान गिरोह के सक्रिय सदस्य चंद्रपति को गिरफ्तार कर लिया। करीब 10 लाख की लागत से अवैध शराब फैक्ट्री खोली गई थी। एसपी ने बताया कि यह गिरोह ओपी से नकली शराब बनाकर उसकी अवैध रूप से बिक्री करता था। वैध शराब की तरह पैकिंग कर शराब बेची जा रही थी जिससे राजस्व को क्षति पहुंच रहा था। इस पूरी कार्यवाही में आबकारी निरीक्षक दिनेश कुमार और उनकी टीम के सदस्य भी शामिल थे। गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्यों में मनीष सोनी निवासी एच ब्लाक, इंदिरा पार्क किदवईनगर कानपुर नगर और चंद्रपति केशरी निवासी शहंशाहपुर, रोहनियां वाराणसी शामिल है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली रैपर, होलोग्राम, एक ड्रम अपमिश्रित अवैध जहरीली शराब, दस हजार से अधिक खाली शीशियां, ढक्कन, पैकिंग के सामान समेत 40 लाख का माल बरामद किया।