घनश्यामपुर। जौनपुर-सुल्तानपुर रेल मार्ग पर बदलापुर थाना क्षेत्र के भलुआही गांव के निकट गुरुवार की रात दो मासूम बच्चों के साथ ट्रेन से कटी महिला की पहचान शुक्रवार को कलावती (35) पत्नी अजय नाविक निवासी भेलूपुर थाना खुटहन के रूप में हुई है। महिला की मां ने बदलापुर जीआरपी थाने में रखी गई फोटो देखकर बेटी की पहचान की। नशे में धुत पति से विवाद के बाद वह बच्चों के साथ घर से निकली थी।
खुटहन थाना क्षेत्र के भेलूपुर निवासी अजय नाविक की पत्नी कलावती का मायका केराकत कोतवाली क्षेत्र के बंबावन गांव में है। वह बंबावन गांव निवासी चंद्रदेव की बेटी थी। गुरुवार से ही घर से लापता बेटी का पता नहीं चलने से उसकी मां दुर्गावती देवी परेशान थी। शुक्रवार को अखबार में छपी खबर की किसी ने जानकारी दी कि कोई महिला अपने दो बच्चों के साथ बदलापुर के पास ट्रेन से कटकर जान दे दी है। शक के आधार पर दुर्गावती जीआरपी थाने पहुंच गई। वहां मृत महिला और उसके दोनों बच्चों की रखी गई फोटो देख कर उसने पहचान की। पता चला कि कलावती का पति अक्सर शराब पीकर घर आता और उसके साथ विवाद करता था। गुरुवार को भी उसने नशे में घर पहुंचकर पत्नी से विवाद किया था। इससे आजिज आकर कलावती अपने दोनों बच्चों हितेश (5) और हिमांशु (3) के साथ बदलापुर थाना क्षेत्र के भलुआही गांव में स्थित रेलवे क्रासिंग के निकट पहुंची और रात में सद्भावना एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूद गई जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव की पहचान होने पर महिला और उसके बच्चों के शव का पोस्टमार्टम कराकर महिला के मायके वालों को सौंप दिया। (ब्यूरो)