जौनपुर। नगर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने चार अंतरजनपदीय एटीएम जालसाजों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पांच एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। चारों जालसाज प्रतापगढ़ जिले के हैं। जौनपुर, इलाहाबाद, प्रतापगढ़ के अलावा आसपास के जिलों में भी एटीएम बूथों पर लोगों को अपना शिकार बनाते थे। एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खाते से पैसे निकाल लेते थे।
एसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि बदलापुर पड़ाव पर स्थित यूबीआई के एटीएम बूथ पर जालसाज मौजूद थे। वे अपने शिकार की तलाश में थे। बैंक और एटीएम चेकिंग के दौरान पुलिस और स्वाट टीम ने चार जालसाजों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम कुलदीप चौहान, राजेंद्र सरोज, प्रहलाद सरोज निवासी कुडवा थाना जेढवारा प्रतापगढ़ और राकेश पाल निवासी लीलापुर थाना लालगंज प्रतापगढ़ बताया। पकड़े गए जालसाजों ने जौनपुर, इलाहाबाद, प्रतापगढ़ जिलों में एटीएम कार्ड बदलकर पैसे निकालने की कई घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है।