जौनपुर। बरसठी ब्लाक का एक ग्राम विकास अधिकारी प्रधानमंत्री आवास में 25 हजार रुपये कमिशन मांग रहा है। यही नही उसका कहना है कि जो भी भुगतान होगा उसका आधा पैसा उसे चाहिए। इसकी शिकायत सात से अधिक ग्राम प्रधानों ने शुक्रवार को डीएम से मिलकर किया। डीएम ने सीडीओ को मामले की जांच कराने का निर्देश दिया है।
ग्राम प्रधान गद्दोपुर, पल्टूपुर, धर्मदासपुर, चक नरायनपुर, भौरासपुर, गनेशपुर, मंगरा आदि का आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी कई वर्षो से ब्लाक में जमे हुए हैं। इनका करोड़ों का स्कूल भी है। साथ ही वह क्षेत्रीय राजनीति भी करते हैं। पीएम आवास में इनके द्वारा कमिशन मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने सीडीओ को इस संबंध में पत्र लिखा था लेकिन सीडीओ ने कोई कार्रवाई अपने स्तर से नही किया। और न ही जांच कराई। डीएम सर्वज्ञ राम मिश्रा ने कहा कि निष्पक्ष जांच होगी और ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर सीडीओ शीतला प्रसाद का कहना है कि प्रधान ग्राम विकास अधिकारी को हटवाना चाहते हैं। विधायक ने पत्र लिखा था लेकिन जांच में 21 दिन तक लग जाता है।