जौनपुर। भदोही की घटना के बाद परिवहन अधिकारियों की नींद टूटी है। मंगलवार को शाहगंज क्षेत्र में एआरटीओ ने अभियान चलाकर 16 गाड़ियों को पकड़ा। इन गाड़ियों से बच्चे ढ़ोए जा रहे थे। एआरटीओ ने तीन स्कूल संचालकों को नोटिस दिया है।
एआरटीओ ओमवीर सिंह अपने सिपाहियों के साथ शाहगंज इलाके में थे। उन्हें सूचना मिली कि कुछ स्कूल संचालक माल वाहनों से बच्चों को ढ़ो रहे है। इस सूचना पर वह सीधे स्कूलों में पहुंच गए जहां माल वाहन में बच्चों को देखकर दंग रह गए। उन्होंने एक के बाद एक 16 वाहनों का चालान कर स्कूल संचालकों की बैचैनी बढ़ा दी। उन्होंने कहा है कि तीन स्कूल संचालकों को नोटिस दी गई है। ऐसे सभी वाहनों का पंजीकरण निरस्त कर कार्रवाई की जाएगी। पूरे जिले में स्कूल संचालक गैंस सिलेंडर लगी गाड़ियां एवं डग्गामार वाहनों से बच्चों को ढो रहे है। भदोही की घटना के बाद परिवहन अधिकारियों ने चेकिंग अभियान शुरू किया तो एक ही स्थान पर 16 वाहन पकड़ में आ गए। पूरे जिले में अभियान चलाया जाए तो 5000 से अधिक वाहन परिवहन विभाग की मिली भगत से संचालित हो रहे है।