जौनपुर। सरायख्वाजा और नगर कोतवाली क्षेत्र में हुए अलग अलग सड़क हादसों में कपड़ा व्यवसायी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार एक युवक घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। तीनों के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
करंजाकला निवासी रामधनी 40 वर्ष पुत्र दुखरन यादव की बैजारामपुर बाजार में कपड़े की दुकान है। वह शनिवार की शाम को दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। वह छबीलेपुर बाजार के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के सुक्खीपुर के पास हुई। हमाम दरवाजा निवासी तनवीर (18) और तारिक (20) किसी काम से बाइक से सिद्दीकपुर गए थे। दोनों सिद्दीकपुर से घर लौटते समय सुक्खीपुर के पास पहुंचे थे। तभी बाइक अनियंत्रित होकर दीवाल से टकरा गई। दोनों बाइक सवार युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद सो दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने तनवीर को मृत घोषित कर दिया जबकि तारिक की हालत नाजुक देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।