केराकत/गौराबादशाहपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के मई गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में दो महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। जबकि गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के परौवा गांव में बच्चों के विवाद को लेकर हुई मारपीट में दो लोग जख्मी हुए हैं। केराकत कोतवाली क्षेत्र के मई गांव में गुरुवार को 11 बजे दिन में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई। जिसमें एक पक्ष से रामसूरत सिंह (75), मनोज सिंह (35), तथा विकास सिंह (21) एवं दूसरे पक्ष से अशोक सिंह (55), संतोष सिंह (45), तथा बलिराम सिंह (62) घायल हो गए। उधर छतरीपुर गांव में मनबढ़ों ने भावना देवी (23) व निधि सिंह (19) को पीटकर घायल कर दिया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। भावना सिंह व बलिराम सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गाया। उधर गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के परौवा गांव में सरोज बस्ती में छोटे बच्चों में खेलने की बात को लेकर हुए विवाद में महिला और उसकी पुत्री को पीटकर घायल कर दिया। परौवा गांव निवासी संगीता पत्नी अरविंद सरोज की बेटी सीमा (11) घर के बाहर खेल रही थी पड़ोसी के बच्चे से विवाद हो गया। जिसे लेकर मनबढ़ों ने संगीता और उसकी बेटी को पीटकर घायल कर दिया। दोनों का इलाज निजी चिकित्सालय में कराया गया। संगीता ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।