शाहगंज। प्रेमी की तलाश में मुंबई से शाहगंज आई युवती दो दिनों तक खुद से उसकी तलाश करती रही लेकिन सफलता नहीं मिली तो उसने पुलिस से शिकायत की। युवक के मोबाइल नंबर और फेसबुक आईडी के सहारे पुलिस ने उसे ढूंढ लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
पीड़ित युवती का आरोप है कि फेसबुक पर दोस्ती गांठने के बाद युवक मुंबई गया और उसके साथ कई दिनों तक रहा। उसने साथ जीने मरने की कसमें खाई। उसका शारीरिक शोषण करने के बाद वह घर आ गया। फिर से उसने उसका फोन रिसीव करना बंद कर दिया।
खुटहन थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक की दो साल पहले फेसबुक पर मुंबई की एक युवती से दोस्ती हो गई। फेसबुक पर बातचीत के दौरान दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। युवक घर से कमाने की बात कहकर मुंबई चला गया। जहां दोनों महीनों साथ रहे। आपस में साथ जीने मरने की कसमें खाईं। लेकिन युवक वापस आया तो फिर बातचीत का सिलसिला भी बंद कर दिया। प्रेमी तलाश में वह दो दिन पहले शाहगंज आई। दिन भर उसकी तलाश करती और रात रेलवे स्टेशन पर गुजरती। दो दिनों के प्रयास में उसे कोई सफलता नहीं मिली तो थक हार कर उसने पुलिस थाने में शिकायत की। उसकी तहरीर पुलिस ने मोबाइल नंबर व फेसबुक आईडी के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है। जबकि युवती को मेडिकल मुआयना के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।