जौनपुर। जिले में बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन की तरफ से अलर्ट जारी कर दिया गया। इसको लेकर 10 विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें मनरेगा, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग आदि को लगाया गया है। इसके लिए बाकायदा पोस्टर भी जारी किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पोस्टर चिपका कर जागरूक किया जा सके। इसके लिए जिला मुख्यालय से लेकर ब्लाक स्तर पर नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व व सीएमओ को जनपद स्तर पर, सभी एसडीएम को तहसील स्तर का, सभी बीडीओ को ब्लाक स्तर का नोडल अधिकारी बनाया गया है। शासन के आदेश के तहत हीट-वेव से बचाव के लिए कार्यशाला हुई थी। इसमें ठंडक प्रदान करने वाले पेय पदार्थ पीने, सफेद या हल्के रंग के सूती कपड़े, अधिक गर्मी में घर से बाहर न निकलें, छाया में बैठकर विश्राम का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को जन जागरूकता के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित चलाना व ग्रामीण स्तर के कार्यकर्ताओं को हीट-वेव के संबंध में अलर्ट जारी करना। सन स्ट्रोक से बचाव के लिए जन सूचना जारी करने के साथ आपातकालीन स्थित के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात करे। आपात कालीन सेवाओं को सक्रिय रखा जाए। पशुपालन विभाग मवेशियों की सुरक्षा के लिए हीट वेव एक्शन प्लान की तैयारी, कार्यान्वयन और समीक्षा करे। गर्मी की स्थितियों के दौरान पशु प्रबंधन पर पशुधन के किसानों के बीच जागरूकता लाने के लिए ग्राम स्तर पर क्षेत्रीय कर्मचारियों को सक्रिय करें। स्थानीय निकाय क्षेत्रों के सब्जी मंडी, चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर शीतल जल की समुचित व्यवस्था की जाए। पंचायती राज विभाग की तरफ से ग्रामीण क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों, चौराहों व आवश्यकतानुसार संबंधित ग्रामों में पानी की टंकी व टैंकरों आदि की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें। शिक्षा विभाग की तरफ से सभी विद्यालयों में जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई गई हीट वेव के संबंध में कार्टून फिल्म बच्चों को दिखाई जाए।
शासन से निर्देश के क्रम में हीट वेव से बचाव के लिए विशेष प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए सभी विभागों को निर्देश जारी किया जा चुका है। ग्राम पंचायत स्तर पर पोस्टर भी लगवाया जा रहा है। जागरूकता के चलते लोग हीट वेव के शिकार न हो सकें।-राम अक्षयबर चौहान, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व।