बरसठी। थाना क्षेत्र के पदुमपुर गांव में बुधवार को पुरानी रंजिश को लेकर हुई चाकूबाजी में चचेरे भाई जख्मी हो गए। दोनों घायलों को बरसठी सीएचसी लाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पदुमपुर गांव निवासी महेश मिश्र (28) अपने घर से 150 मीटर दूर पुराने घर पर भूसा लाने गया था। वहां पट्टीदार विनोद मिश्रा से पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान विनोद मिश्रा ने चाकू से महेश पर हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से महेश गंभीर रुप से घायल हुआ। बीच-बचाव करने गया चचेरा भाई भास्कर मिश्रा भी चाकू लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। मौके पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को बरसठी थाने ले गए। वहां पुलिस की निगरानी में उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। देर शाम तक प्रकरण में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।