जौनपुर एसआईटी की टीम तीन राज्यों से वापस लौट रही है। टीम ने संबंधित तीन कंपनियों से कफ सिरप से जुड़े डेटा को एकत्र किया है। इसमें कोडीन युक्त कफ सिरप के बैच नंबर तक शामिल है। अब टीम बांग्लादेश के बार्डर तक जाएगी। इसके लिए त्रिपुरा पुलिस और बीएसएफ की भी मदद लेगी। वहां की गई सीजर की कार्रवाई से जुटाए गए साक्ष्य का मिलान करेगी, ताकि कहीं से भी आरोपियों को राहत न मिल पाए। इसी बीच तीन फर्म संचालकों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
जौनपुर एसआईटी की तीन टीम साक्ष्य एकत्र करने के लिए झारखंड के रांची, हिमांचल प्रदेश के बढ़ी और हरियाणा के पानीपत भेजी गई थी। जहां कोडीन युक्त कफ सिरप की तीन फैक्ट्री है। इन कंपनियों में तैयार कफ सिरप की कहां-कहां भेजी गई का रिकार्ड जुटा लिया है, क्योंकि इन्हीं कंपनियों के सिरप की आपूर्ति कागज पर सिडिंकेट के माध्यम से जनपद में की गई है, लेकिन हकीकत में सिरप की सप्लाई बिहार, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश में की गई है। इसे प्रमाणित करने के लिए टीम ने संबंधित कंपनियों से वर्ष 2023 से लेकर 2025 तक के जरूरी डेटा जुटा लिया है। इसमें कफ सिरप के बैच नंबर तक शामिल है।
इसे भी पढ़ें; Cough Syrup Case: बढ़ई और पेंटर के नाम पर भी ड्रग फर्म, ड्रग अफसरों ने की अनदेखी; पढ़ें- क्या है पूरा मामला
अब टीम तस्करी को प्रमाणित करने के लिए जौनपुर में हुई बिलिंग से मिलान करेगी। साथ ही इस कार्रवाई में बांग्लादेश बार्डर पर की गई वर्ष 2023 से लेकर अब तक की सीजर की कार्रवाई से मिलान करेगी। इसमें त्रिपुरा पुलिस और बीएसएफ की मदद लेगी। एसआईटी को लीड कर रहे सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया टीम प्रभावी कार्रवाई करने की तैयारी में है। इसके लिए तीन राज्यों में गई थी, जहां से साक्ष्य जुटाने के बाद लौटी है और अब आगे की कार्रवाई में लगेगी।
मामले में अपना पक्ष रखने के लिए एसआईटी ने संबंधित आरोपी फर्म संचालकों को नोटिस जारी किया और अपना पक्ष रखने को कहा, लेकिन अभी तक किसी ने अपना पक्ष नहीं रखा। सीओ सिटी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है।
सीज होंगे वाहन, जब्त होगी संपत्ति
एसआईटी कारोबारियों की संपत्तियों का ब्यौरा जुटा रही है, जिसे उन्होंने वर्ष 2023 से लेकर 2025 के बीच में बनाया है। इसके जब्तीकरण की कार्रवाई करेगी। साथ ही जौनपुर के 150 ऐसे वाहनों की भी तलाश में जुट गई है, जिससे कोडिन युक्त कफ सिरप को पहुंचाने की बात कही गई है। इसमें ई-रिक्शा, ट्रक, लग्जरी गाडि़यों से लेकर बुलेट तक शामिल हैं। इन वाहनों को सीज करने की जाएगी।
2026 में भोला से पूछताछ करेगी एसआईटी
कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में जनपद में अब तक तीन प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। यह प्राथमिकी जनपद के 16 फर्म समेत 20 लोगों पर दर्ज हुए हैं। इनमें केवल अब तक मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद जायसवाल की गिरफ्तारी हुई है। सीओ सिटी के मुताबिक जनवरी माह में जनपद की टीम सोनभद्र जाएगी। जहां भोला प्रसाद जायसवाल से मामले में पूछताछ करेगी।