मास्क लगाकर इस बार रावण का बध करेंगे राम
कोरोना ने घटाया रावण का कद, मास्क लगाकर होगा दहन
पाबंदियों के बीच मनाया जाएगा इस बार विजयादशमी का पर्व
- विजयादशमी को लेकर जोरों पर तैयारियों में जुटे हैं रामलीला समितियों के लोग
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। विजयादशमी का पर्व इस बार पाबंदियों के बीच मनाया जाएगा। कोरोना के असर से जहां रावण के पुतले का कद छोटा हो गया है वहीं कई जगहों पर रावण को मास्क लगाकर भी जलाने की तैयारी है। यही नहीं इस बार राम मास्क लगाकर रावण का बध करेंगे। इसके लिए आयोजन समितियों के लोग तैयारी में जुटे हैं।
विजयादशमी का आयोजन जिले में भव्य रुप में होता रहा है। जगह-जगह मेलों के अलावा रावण दहन उत्सव का भी आयोजन होता रहा है। राजा के पोखरे पर शाही रावण का दहन होता था। इस बार कोरोना के चलते यहां कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह परंपरा का निर्वहन करते हुए रावण दहन किया जाएगा। यह बात अलग है कि इस बार मेलेे की पहले जैसी भव्यता नहीं रहेगी। कोरोना के कारण रावण का कद भी घटाया गया है। मछलीशहर के छाछो गांव में रामलीला समिति करीब 15 फीट ऊंचा रावण जलाएगी। मेला समिति के संयोजक पंकज शुक्ला ने बताया कि कोरोना काल में रावण के मुंह पर मास्क लगाया जाएगा। साथ ही श्रीराम और लक्ष्मण भी इस मौके पर मास्क लगाकर रावण का वध करेंगे। कोरोना बीमारी के प्रति सतर्कता का संदेश देने के लिए यह कवायद की जा रही है। वहीं बक्शा के जंगीपुर में इस वर्ष रावण दहन के लिए रविवार की सुबह बैठक कर तय किया जाएगा। यहां हर वर्ष 51 फीट ऊंचा रावण जलता रहा है। इस बार इसका कद छोटा रहेगा। बदलापुर क्षेत्र के श्रीराम जानकी मंदिर सरोखनपुर में होने वाले भव्य विजय दशमी के अवसर पर लंकापति रावण का कद छोटा कर दिया है। रामलीला समिति के पुजारी सर्वेश यादव ने बताया कि रावण का पुतला रामलीला समिति के लोग ही बनाते हैं। सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए रावण का छोटा पुतला जलाया जाएगा। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी और श्री हनुमान जी की प्रतीकात्मक झांकी भी निकाली जाएगी।