05- बक्सा क्षेत्र के गोपालापुर गांव में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद मौके पर पंहुची स्वास्थ्य विभ?
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफे के साथ स्वास्थ्य विभाग में संसाधनों की कमी का असर भी दिखने लगा है। शनिवार को जब 32 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाने में 24 घंटे से भी अधिक का समय लग गया। मरीजों के गांव में रहने से गांव के लोग भी सहमे रहे।
जिले की हर तहसील में एक-एक एंबुलेंस का इस्तेमाल कोरोना के मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। इस तरह छह एंबुलेंस को इस काम में लगाया गया है। शुक्रवार को 43 मरीजों की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई थी। उनको एंबुलेंस से पहुंचाया ही जा रहा था कि शनिवार को 32 और मरीजों की की रिपोर्ट कोरना पॉजिटिव आ गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां ध्वस्त हो गईं। एक एंबुलेंस से एक बार में सिर्फ एक मरीज को ही अस्पताल पहुंचाया जाता है। दूसरा मरीज हो तो टीम दोबारा आती है। मछलीशहर के बामी और बसढ़ुआ गांव में दो-दो मरीज थे। लिहाजा उनको रविवार को दोपहर बाद तीन बजे तक अस्पताल ले जाया जा सका। सुइथाकला क्षेत्र के अढ़नपुर गांव के दो मरीजों की रिपोर्ट शनिवार को दोपहर में ही आ गई थी। दोनों मरीज अगले दिन दोपहर तक गांव में ही रहे। इस दौरान कई बार लोगों ने अधिकारियों को फोन कर मरीजों को अस्पताल ले जाने की बात कही। किसी तरह दोपहर बाद एंबुलेंस गांव में पहुंची और मरीजों को जिला अस्पताल ले गई। इस गांव को भी अभी तक सील नहीं किया गया है। गांव के कुछ लोगों ने संक्रमित इलाके को अपने स्तर से सील कर दिया था, जिसे बाद में ग्राम प्रधान ने ही खोलवा दिया। संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद भी गांव में लोगों की आवाजाही से लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
गांव और थाने को किया गया सैनिटाइज
बक्शा/सुरेरी। बक्शा विकास खंड के गोपालापुर एवं लेदुका गांव में शनिवार को कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने पर रविवार को स्वास्थ्य टीम ने दोनों गांवों को खंड विकास अधिकारी छोटे लाल तिवारी बक्शा नौपेड़वा सामुदायिक अस्पताल के अधीक्षक डॉ. एसके पटेल, डॉ. आलोक रघुवंशी, डॉ. अनुराग, डॉ. एससी यादव सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी दोनों गाँव पहुँच प्रधान की मौजूदगी में मरीज के घर सहित आसपड़ोस के घरों का सेनिटाइजर कराया। स्वास्थ्य टीम ने विद्यालय परिसर के अंदर बाहर छिड़काव कराते हुए लोगो से सावधानियां बरतने की बात कही। इस दौरान सफाईकर्मी संघ अध्यक्ष केशरी प्रसाद ,संतोष यादव, मुन्ना, मोहित टीम के साथ जुटा रहे। उधर एसपी अशोक कुमार के निर्देश पर सुरेरी थाना परिसर और कार्यालय को भी रविवार को सैनिटाइज किया गया।
पुलिस ने पैदल मार्च कर किया जागरूक
सुरेरी। स्थानीय थाने की पुलिस ने क्षेत्र के कसेरु बाजार में रविवार को थानाध्यक्ष श्यामदास वर्मा के साथ पैदल मार्च कर लोगों को सामाजिक दूरी बनाने के लिए जागरुक किया। बताया कि जो भी महानगरों से वापस गांव आए हैं वे क्वारंटीन नियमों का पालन करें। अगर कोई बाहर से आकर गांव में या बाजार में घूम रहा है तो उसकी जानकारी पुलिस को दें। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।