02- विकास भवन में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बंद किया गया विकास भवन व पसरा सन्नाटा।
- फोटो : JAUNPUR
- कलेक्ट्रेट और दीवानी कचहरी के बाद दोपहर में बंद हुआ विकास भवन भी
- पूरे दिन चला सैनिटाइजेशन का कार्य, दहशत में कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय और दीवानी कचहरी पर ताला लगा रहा। पूरे दिन यहां फायर ब्रिगेड के वाहनों की मदद से सैनिटाइजेशन का कार्य चलता रहा। इस बीच विकास भवन में भी कई कर्मचारियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद दोपहर में इसे भी बंद कर दिया गया। कर्मचारी आनन-फानन में कार्यालय से बाहर निकलकर घरों की राह पकड़ लिए। सरकारी दफ्तरों में लगातार मरीज मिलने से कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
सोमवार को रैपिड एंटीजन किट से जांच में कलेक्ट्रेट के तीन कर्मचारी पॉजिटिव मिले थे। दीवानी कचहरी के चार अधिवक्ता और दो कर्मचारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। इसके बाद देर रात जिला जज के आदेश से दो दिनों के लिए दीवानी कचहरी बंद कर दी गई। डीएम ने कलेक्ट्रेट कार्यालय को भी मंगलवार को बंद रखने का निर्देश दिया। सुबह दोनों ही स्थानों पर फायर ब्रिगेड के वाहनों की मदद से सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू किया गया। यहां छिड़काव चल ही रहा था, तभी विकास भवन में भी रैपिड एंटीजन किट से जांच में कुछ कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने की खबर से हड़कंप मच गया। कलेक्ट्रेट के बगल में ही स्थित विकास भवन के कार्यालयों मेें अफरा-तफरी मच गई। दफ्तर में मौजूद अफसर-कर्मचारी कामकाज छोड़कर बाहर की ओर भाग खड़े हुए। दोपहर में विकास भवन के मुख्य द्वार को भी बंद कर दिया गया। इसके पूर्व पुलिस ऑफिस में भी कोरोना के मरीज मिल चुके हैं। जिले के सभी प्रमुख कार्यालयों में कोरोना की पहुंच के बाद से कर्मचारी भयभीत हैं।