जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आगामी 27 जुलाई को आयोजित होने जा रहा है। इस भव्य दीक्षांत उत्सव में 87 छात्रों को गोल्ड मेडल मिलेगा। 339 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी। कुलपति की अध्यक्षता में परीक्षा समिति ने सूची को मंजूरी दे दी है। विवि के हर विभाग के छात्र-छात्राओं की निगाहें गोल्ड मेडल की सूची पर टिकी हुई हैं। कैंपस और संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों के बीच इस बात को लेकर उत्सुकता चरम पर है कि इस बार किस विषय और किस विभाग में किस मेधावी के सिर टॉपर बनने का सेहरा बंधेगा।
दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कुलपति सभागार में कुलपति प्रो. वंदना सिंह की अध्यक्षता में विद्या परिषद और परीक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसमें दीक्षांत समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही, स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के कुल 87 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाने संबंधी सूची को मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त बैठक में 339 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान करने पर भी मुहर लगी।
इसी सप्ताह जारी होगी टॉपरों की सूची, दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
विश्वविद्यालय प्रशासन इस समय टॉपरों की सूची को अंतिम रूप देने में पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। प्रभारी कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि 87 टॉपरों की सूची तैयार की जा रही है, जिसमें सभी विभागों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है। इस सूची को अंतिम रूप देकर जल्द ही विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। यदि किसी छात्र को इस सूची को लेकर कोई आपत्ति या शिकायत है, तो वह उसे दर्ज करा सकेगा। प्राप्त आपत्तियों के आधार पर खामियों को दूर कर सुधार किया जाएगा और इसी सप्ताह फाइनल लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
प्रशासनिक प्रक्रिया तेज, तैयारियों को अंतिम रूप
समिति ने बैठक के दौरान परीक्षा परिणाम, उपाधि वितरण एवं दीक्षांत समारोह से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी गहन विचार-विमर्श किया। परीक्षा समिति से स्वीकृत हो चुकी इस सूची को अब विश्वविद्यालय की निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत आगे की संस्तुति के लिए भेजा जा रहा है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रभारी कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, उपकुलसचिव अजीत प्रताप सिंह, उपकुलसचिव बबीता सिंह समेत विद्या परिषद एवं परीक्षा समिति के सभी सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने 87 मेधावियों को गोल्ड मेडल देने के निर्णय पर अपनी सहमति जताई।
मास कॉम के टॉपर को मिलेगा अतुल माहेश्वरी पदक
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पत्रकारिता में टॉप करने वाले छात्र को अमर उजाला के नवोन्मेषक अतुल माहेश्वरी स्मृति गोल्ड मेडल दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन गोल्ड मेडलिस्टों की सूची अभी तैयार कर रहा है। हर छात्र इस इंतजार में है कि किसे टॉपर होने का गौरव मिलेगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सूची तैयार कराई जा रही है।
14 जुलाई तक अंक अपलोड करें कॉलेज, देरी होने पर होगी कार्रवाई
मल्हनी। पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने पत्र जारी कर कहा कि 14 जुलाई तक अंक अपलोड नहीं करने पर कॉलेज खुद जिम्मेदार होंगे। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने शुक्रवार को संबद्ध महाविद्यालयों को चेतावनी पत्र जारी करते हुए कहा है कि कई कॉलेजों ने अभी तक विद्यार्थियों के अंक पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए हैं, इससे परीक्षा परिणाम घोषित करने में समस्या हो रही है। 14 जुलाई तक अंक अपलोड करने का निर्देश दिया है।
विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि अपने संस्थान के सभी पाठ्यक्रमों और विषयों के आंतरिक, सेशनल, प्रायोगिक तथा डिसर्टेशन के अंक हर हाल में 14 जुलाई तक संबंधित पोर्टल पर अपलोड करा दें। निर्धारित समय सीमा के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद अंक अपलोड नहीं किए जा सकेंगे। जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी महाविद्यालय की लापरवाही के कारण परीक्षा परिणाम घोषित होने में विलंब होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय की होगी।