सिकरारा। विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा कर्मियों ने तीन महीने से मानदेय नहीं मिलने और अधिकारियों द्वारा 24 घंटे काम लेने के दबाव के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। उपकेंद्र पर कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया। इससे क्षेत्र में आपूर्ति बाधित रही।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि अधिकारी न केवल उन्हें लगातार 24 घंटे काम करने का दबाव डालते हैं, बल्कि मानदेय का भुगतान भी समय से नहीं कर रहे हैं। पिछले तीन महीनों से उनका मानदेय लंबित है। उनका परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है। परिवारों का भरण पोषण करने में कठिनाई आ रही है। दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन न तो समय पर मानदेय मिलता है और न ही हमारी समस्याओं को सुना जाता है। अधिकारी सिर्फ काम का दबाव बनाते हैं। मानदेय समय पर दिया जाए और काम के घंटों को नियमित किया जाए। उनका कहना है कि उन लोगों को मशीन बना दिया गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वह धरना जारी रखेंगे। अवर अभियंता मुलायम सिंह यादव ने मानदेय के भुगतान में टाल मटोल कर रहे हैं। मानदेय भुगतान में देरी की वजह आउटसोर्सिंग एजेंसी से संबंधित कुछ तकनीकी समस्याएं हैं।