जौनपुर। नगर के हाईडिल स्थित विद्युत वितरण मंडल-प्रथम कार्यालय पर बृहस्पतिवार को बीते आठ माह से वेतन न मिलने से विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया।
संविदा कर्मियों का आरोप है कि विद्युत वितरण का निजीकरण करने के प्रदेश सरकार के प्रस्ताव के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सभी ऊर्जा निगमों के तमाम बिजली कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर व अभियंता अधिकारी शामिल रहे हैं, जिसमें निविदा कर्मचारी भी हैं। इस कारण निविदा कर्मचारियों का बीते आठ माह से वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों व अनुबंधित कंपनी से आग्रह किया गया था, लेकिन अभी तक वेतन भुगतान नहीं किया गया है, केवल अश्वासन मिलता है। झूठे आश्वासन देकर निविदा कर्मचारियों से कार्य लिया जा रहा है। वेतन के भुगतान न होने से निविदा कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति है, परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बनाए रखने एवं अनुरक्षण परिचालन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के संपादन में निविदा कर्मचारियों की अहम भूमिका रही है। विभाग अनुबंधित कंपनी द्वारा संविदा कर्मचारियों का शोषण करना एवं वेतन का भुगतान न करना निंदनीय है। इस मौके पर बाबा दुबे, संतराम यादव, नारायण दास मौर्या, मोहम्मद जमाल, कुंदन, प्रदीप कुमार (मुन्ना), सतीश सिंह, आशुतोष दुबे, कुंवर सिंह आदि रहे।