खेतासराय। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज कुमार झा के नेतृत्व में चल रहे स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सर्वोदय इंटर कालेज खुदौली में बृहस्पतिवार को किया गया। कालेज परिसर में मतदाता हेल्प डेस्क स्थापित किया गया। छात्रों ने रंगोली व पोस्टर बनाकर मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया।
मतदाता पंजीकरण कक्ष(मतदाता हेल्प डेस्क) का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी शाहगंज अमरदीप जायसवाल ने फीता काटकर किया। कालेज में अध्ययनरत 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी युवक-युवतियों का मतदाता सूची में नाम जुड़वा लें। मतदाता बनने के लिए फार्म-6 के माध्यम से आवेदन करें। मतदाता सूची में यदि मृतक का नाम दर्ज है तो उनके नाम निकालने के लिए फार्म-7 भरवाएं। शिफ्टेड मतदाता या जिनका नाम मतदाता सूची में पहले से कही हैं और अब वे किसी अन्य शहर व विधानसभा व पोलिंग बूथ पर वोटर बनना चाहतें हैं तो फार्म 8 भरकर आवेदन करें। प्रधानाचार्य डाॅ.अनिल कुमार उपाध्याय ने कहा कि मतदाता के रूप में अपना नाम पंजीकृत करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में भागीदारी बने। लोगों की सुविधा के लिए कालेज में मतदाता पंजीकरण कक्ष खोला गया है। विशेष तिथियों 4, 5, 25, 26 नवंबर व 2, 3 दिसम्बर को बीएलओ मतदान केंद्रों पर उपस्थित होकर दावे व आपत्तियां प्राप्त करेंगी। स्वीप कोआर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने बताया कि विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 का अभियान 27 अक्तूबर से चल रहा है जो 9 दिसंबर तक चलेगा।
इस अवसर पर बीडीओ जितेंद्र प्रताप सिंह, अनिल कुमार सिंह, नोडल अजय कुमार, विनोद मिश्रा, प्रशांत मिश्र, अशोक मौर्य, वीरेंद्र कुमार, मिथिलेश द्विवेदी, राजेश यादव, रेखा यादव आदि उपस्थित रहे। संचालन दिनेश कुमार गुप्ता ने किया।