640 करोड़ रुपये की लागत से बन रही एनएच-731बी परियोजना के पहले चरण में मछलीशहर से भदोही तक 49.2 किलोमीटर सड़क का मुख्य निर्माण पूरा हो चुका है। कार्यदायी संस्था स्वास्तिक कंस्ट्रक्शन ने इसका निर्माण किया है। जंघई रेलवे क्रॉसिंग पर बने फ्लाईओवर के फुटपाथ के किनारे सुरक्षा रेलिंग लगाई जा रही है। इसके बाद चेतावनी संकेत लगाने और पेंटिंग का काम किया जाएगा।
परियोजना का निर्माण नवंबर 2023 में शुरू हुआ था। पहले चरण को दो साल में पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन निर्माण पूरा होने में करीब छह महीने अतिरिक्त लग गए। जंघई रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए रेलवे से अनापत्ति प्रमाणपत्र और अनुमति मिलने में देरी हुई। जंघई के चौका मोड़ पर सड़क की सीमा में बने अतिक्रमण को हटाने में भी अड़चनें आईं। इसके अलावा गार्डर लॉन्चिंग और मानसूनी बारिश के कारण डामरीकरण का काम प्रभावित हुआ।
रेलवे फाटक पर जाम से मिलेगी राहत जंघई रेलवे जंक्शन पर ट्रेनों की आवाजाही के कारण फाटक बंद होने से अक्सर जाम लगता है। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद मछलीशहर, बंधवा बाजार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भदोही व वाराणसी जाने वाले वाहनों को रेलवे क्रॉसिंग और जंघई बाजार की संकरी सड़कों से नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे यात्रा के समय में बचत होने की उम्मीद है। इस मार्ग से हंडिया और प्रयागराज की ओर जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
तकनीकी जांच के बाद खुलेगा पुल
राष्ट्रीय राजमार्ग के जेई ओपी प्रसाद ने बताया कि पहले चरण का मुख्य निर्माण पूरा हो चुका है। जंघई फ्लाईओवर पर लोड टेस्टिंग और सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाएगी। इसमें करीब 20 दिन लगने का अनुमान है। सभी परीक्षण सफल होने के बाद नवंबर के पहले सप्ताह में फ्लाईओवर पर यातायात शुरू कराने की योजना है।