महराजगंज। क्षेत्र के सई नदी पर राजापुर-केवटली कारोबीर घाट पर 12 करोड़ एक लाख रुपये की लागत से बन रहे पुल के निर्माण कार्य का रविवार को विधायक रमेशचंद्र मिश्रा ने निरीक्षण किया। विधायक ने सेतु विभाग के संबंधित अधिकारियों से कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले हर हाल में सेतु निर्माण कार्य पूरा होना चाहिए। सई नदी पर सेतु निर्माण से बदलापुर विधानसभा और मुंगराबादशाहपुर विधानसभा आपस में जुड़ जाएंगे। इससे क्षेत्रवासियों का सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा। इस दौरान विधायक रमेेश मिश्रा ने महराजगंज में बन रहे सीसी रोड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार से कहा कि 12 दिन के अंदर सीसी रोड निर्माण पूर्ण होना चाहिए। कहा कि जल निकासी के लिए सीसी रोड के किनारे पटरी व नाली का प्रस्ताव भेज दिया गया है। जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी। इस मौके पर विनय कुमार सिंह, यादवेंद्र प्रताप, धीरज चौबे, सिद्धार्थ सिंह, चंदू यादव, राजेश मिश्रा राकेश, एक्सईएन सेतु निगम जय प्रकाश गुप्ता, एई सेतु निगम निगम आदि लोग रहे। संवाद