जिले के गेहूं क्रय केंद्रों पर मंगलवार को गेहूं क्रय केंद्र बंद रहने और खरीद नहीं किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मछलीशहर और केराकत में प्रदर्शन कर विरोध जताया। केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की। साथ ही खरीद में हीलाहवाली करने का आरोप लगाया।
मछलीशहर: जमुहर पीसीएफ क्रय केंद्र पर खरीद बंद होने पर ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र पटेल के नेतृत्व में विरोध जताया। साथ ही खरीद की समय सीमा बढ़ाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अभी किसानों का गेहूं पूरी तरह से नहीं खरीदा जा सका है। कोरोना के कारण प्रतिदिन कम किसानों को ही बुलाया जा रहा है। टोकन देने की बात कहकर टाल दिया जा रहा है। केंद्र बंद कर दिया गया। ऐसे में किसान परेशान हैं। यदि क्रय कार्य आरंभ नहीं किया गया तो किसानों को नुकसान उठाना पडे़गा। 15 जुलाई तक खरीद जारी रखी जाए। एक किसान से 30 से 40 कुंतल गेहूं खरीदने की पाबंदी खत्म करने की मांग की। प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव अनुसूचित मोर्चा नंदलाल गौतम, जिला सचिव प्रेम चंद यादव, जिला सचिव सुरेश गौड़, जिला महासचिव यूवा कांग्रेस अली अंसारी गुरु, अब्दुल सत्तार, शिव कुमार, महताब अंसारी, शिवशंकर सिंह आदि मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर केराकत के सिहौली स्थित विपणन केंद्र का ताला नहीं खुलने पर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। ब्लाक अध्यक्ष लालता चौधरी की अध्यक्षता में डीएम को संबोधित ज्ञापन सीनियर मार्केटिंग इंस्पेक्टर पंचदेव को सौंपा। ज्ञापन में कहा कि गेहूं क्रय केंद्र बंद होने से अधिकांश किसान गेहूं नहीं बेच पाए हैं। प्रदर्शन करने वालों में लालता प्रसाद चौधरी, संतोष गिरी, सूरज सिंह राजपुत, आजाद कुरैशी, अनील सोनकर, खुर्शीद आलम, ताजआलम, खाँन, विनीत कुमार दुबे, पूर्व प्रधान पंकज, आशीष यादव, डा. अमरबली भाष्कर, राम प्रकाश दुबे, राम प्रवेश आदि शामिल रहे।