जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता मसर्रत आलम की रिहाई के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार पर बिफर पड़े। सदर विधायक प्रतिनिधि खुर्शीद अनवर खां की अगुवाई में सड़क पर उतरे कांग्रेसजनों ने नारे लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
सोमवार को शहर के शकरमंडी चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसके लिए गठबंधन सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए पीएम मोदी का पुतला आग के हवाले कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में आतंकवादियों को गिरफ्तार कर सजा-ए-मौत दी गई। जबकि भाजपा सरकार आतंकियों को जेल से रिहा कर रही है।
कहा कि जब-जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, आतंकवादियों का हौसला बढ़ाने वाला काम हुआ है। इस मौके पर मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नीरज राय, राज कालेज छात्रसंघ अध्यक्ष दिलीप प्रजापति, विशाल सिंह, नसीम अहमद, जयमंगल यादव, विक्की सिंह, सूरज मोदनवाल आदि रहे।