क्षेत्र के खड़हर डगरा से पेसारा जाने वाले रास्ते की दुर्दशा के विरोध में रविवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय परिवहन मंत्री और सांसद रामचरित्र निषाद का पुतला दहन किया।
गुस्साए लोगों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। खड़हर डगरा से पेसारा जाने वाले रास्ते का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित है, लेकिन एक वर्ष पहले सड़क को उखाड़ कर उस पर बड़े बड़े पत्थर डाल दिए
गए। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यदायी संस्था केंद्र से पैसा नही मिलने की बात कह कर निर्माण कार्य बंद कर दिया है। युवा कांग्रेस नेता विकास तिवारी को पता चला कि सड़क का पैसा आया हुआ है इसके
बावजूद प्रशासन लापरवाही कर रहा है। इस सूचना पर कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र होकर सड़क पर आ गए। विरोध में लोगों ने सड़क पर हल चलाया और केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और क्षेत्रीय सांसद रामचरित्र निषाद का पुतला दहन
किया। कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करते हुए डगरा तिराहे पर आकर बैठ गए। इससे करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। खबर मिलने पर पहुंचे कोतवाल सत्येंद्र तिवारी ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में कमलेश राय, गोलू राय, सचिन राय, अरुण राय, विकास सरोज, राहुल राय, रंजित यादव, राकेश यादव, अनिल यादव, मिंटू राय, ज्वाला यादव, आलोक यादव, रूपचंद्र तिवारी, नीरज पाठक, वीरेंद्र राय, विशेष तिवारी, संदीप प्रजापति, राहुल सिंह आदि शामिल रहे।