जौनपुर। छुट्टियां मनाने घर आए लोग अब महानगरों की ओर वापसी कर रहे है। ऐसे में दिल्ली, कोलकाता, गुजरात और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। यहां से जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म सीट नहीं बची है। वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच गई है। कई ट्रेनों में नोरूम की स्थिति बन गई है। जिन लोगों ने पहले से टिकट निकाल रखा उनके लिए यात्रा आसान है, लेकिन जिन लोगों ने पहले से टिकट नहीं लिए है उनकी यात्रा किसी मुश्किलों से कम नहीं है। लंबी दूरी की सभी ट्रेनों में सीटें फुल है। ऐसे में लोगों के सामने तत्काल टिकट ही एक सहारा है। मुंबई जाने वाली गोदान एक्सप्रेस, बांद्रा-गाजीपुर एक्सप्रेस, मऊ लोकमान्य तिलक, महानगरी एक्सप्रेस व दून एक्सप्रेस में वाराणसी एलटीटी सुपर फास्ट में नो रूम है। दिल्ली जाने वाली सोहेल देव एक्सप्रेस में 114 वेटिंग, श्रमजीवी एक्सप्रेस में 85, फरक्का एक्सप्रेस में 81 समेत अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी है।
सभी लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें फुल हो गई है, ऐसे में लोगों के सामने तत्काल टिकट ही एक सहारा है। काउंटर पर आधी रात से लाइन लगाने के बाद भी अधिकांश लोगों को तत्काल टिकट नहीं मिल पा रहा।-सुनील मिश्रा, आरक्षण प्रभारी जौनपुर जंक्शन