संशोधित-सुइथाकलां उपकेंद्र का अधिकारियों संग निरीक्षण करते मुख्य अभियंता विद्युत, वाराणसी जोन
सुइथाकला। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर विधायक शाहगंज रमेश सिंह ने नाराजगी जताई है। इसके बाद सोमवार को मुख्य अभियंता विद्युत, वाराणसी जोन द्वितीय प्रवेश कुमार ने मातहत अधिकारियों के साथ विद्युत उपकेंद्र सुइथाकलां का निरीक्षण किया।
उन्होंने उपकेंद्र पर प्रस्तावित पांच एमवीए के अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर की स्थापना का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, कहा कि ट्रांसफार्मर लगने से क्षेत्र में ओवरलोड की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु रूप से बिजली आपूर्ति हो सकेगी।
मौके पर उपस्थित अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के साथ ही सुइथाकलां क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप एक नए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण की भी आवश्यकता भी बताई।
गौरतलब है कि रविवार को जिला विद्युत समिति की बैठक में विधायक रमेश सिंह ने क्षेत्र में लगातार होने वाली बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए विभागीय अधिकारियों पर नाराजगी जताई थी। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता, जौनपुर मंडल द्वितीय अनिल पाठक, अधिशासी अभियंता एके शर्मा, एसडीओ एस के सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।