जौनपुर। अपर जिलाधिकारी कक्ष में सोमवार को बैठक हुई। इसमें स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत सी विजिल और केवाईसी ऐप के बारे में जनता को जागरूक किया गया। इस ऐप की मदद से वोटर चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी दे सकते हैं। ऐप के जरिए नेताओं के द्वारा दिए गए विवादित बयानों की भी शिकायत की जा सकती है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम प्रकाश ने कहा कि जनता दोनों ऐप डाउनलोड कर जागरूक नागरिक बनें। कहा है कि निर्वाचन आयोग ने चुनाव में खड़े उम्मीदवारों का अपराधिक रिकॉर्ड देखने के लिए केवाईसी एप लांच किया है। इस एप से कोई भी व्यक्ति मोबाइल से उम्मीदवारों का अपराधिक रिकॉर्ड देख सकता है। यह सी-विजिल नागरिकों के लिए निर्वाचनों के दौरान आदर्श आचार संहिता और व्यय के उल्लंघन की रिपोर्ट करने के लिए मोबाइल ऐप है। कहा कि चुनाव के दौरान लोग सी-विजिल ऐप डाउनलोड कर इसका इस्तेमाल करें। अगर चुनाव में धांधली हो रही है तो लोग इसके जरिए शिकायत करें। इस मौके प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश चतुर्वेदी, जिला स्वीप कोआर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा आदि लोग उपस्थित रहे।