पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नवाचार केंद्र में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत रविवार को लोकतंत्र के आधारभूत स्तंभ के रूप में पंचायतों की भूमिका विषय पर छात्र संसद का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित करके ‘राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस’ मनाया गया।
चीफ वार्डन डॉ. रजनीश भाष्कर ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता समय-समय पर महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में आयोजित होते रहने चाहिए। इससे छात्रों में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। प्रो. बीडी शर्मा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही आगे चलकर देश की बागडोर संभालेगी। ऐसे में इस तरह के विषयों को समझना व जानना अति आवश्यक है। इस अवसर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें प्रथम पुरस्कार आदित्य को दिया गया। इनके अलावा प्रतियोगिता में अंजली दुबे दूसरे तथा निधि दुबे और सुंदरम दुबे तीसरे स्थान पर रहे। समन्वयक डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव ने कहा कि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य की प्रेरणा से विश्वविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी हर दिवस को गंभीरता के साथ मना रहे हैं। आयोजन सचिव डॉ. विनय वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. पूजा सक्सेना, डॉ. झांसी मिश्रा ने बच्चों की हौसला आफजाई की। डॉ. जया शुक्ला ने आभार और संचालन उदय सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रिंस त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर आलोक मौर्य, सनी, सरोज, सुमित सिंह, सूर्यकांत तिवारी, ऋषभ, तनु, करण राजभर आदि उपस्थित रहे।