बदलापुर। एक कंपनी बनाकर पैसा जमा कराने और कम समय में दोगुना करने का झांसा देकर 20 लोगों से 14 लाख 47 हजार रुपये ऐंठकर फरार होने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर बदलापुर पुलिस ने संबंधित कंपनी के एक एजेंट व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, बदलापुर थाना क्षेत्र के बेलावा गांव निवासी विजय प्रताप चौहान ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर एक कंपनी के दो लोगों पर ठगी का आरोप लगाया था। उसी आधार पर न्यायालय ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। पीड़ित के अनुसार मोलनापुर निवासी राजकुमार यादव खुद को कंपनी का एजेंट बताते थे। पीड़ित के अनुसार, जेवीएम इंफ्रा लैंड एंड डेवलपर्स इंडिया लिमिटेड में एजेंट के पद पर काम करने वाले राजकुमार ने झांसा दिया था कि उसकी कंपनी बैंक की मियाद से पहले रुपयों को दोगुना कर देती है। उसने कंपनी से संबंधित कागजात दिखाते हुए कुछ लोगों के नाम भी बताएं जिन्होंने इसकी कंपनी में पैसा भी जमा किया था। राजकुमार की बातों में आकर विभिन्न तिथियों में विजय प्रताप चौहान ने 895000 रुपये कंपनी में जमा करने के लिए दिया।
वह जब वर्ष 2018 में जमा धनराशि के संबंध में परिपक्वता तिथि पर परिपक्वता राशि लेने जौनपुर के एक होटल में गए तो पता चला कि उस कंपनी का ऑफिस बंद है और वहां कोई नहीं है। जब एजेंट राजकुमार से पैसों की मांग की तो राजकुमार ने अपने दूसरे साथी जयचंद सोनकर का मोबाइल नंबर दिया।
जयचंद ने पैसा मिलने का आश्वासन दिया, लेकिन पैसा मिला नहीं। परिपक्वता सर्टिफिकेट पर अंकित पते पर जब विजय प्रताप गए तो पता फर्जी मिला। बदलापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक संतोष पांडेय ने बताया कि आरोपियों पर जालसाजी का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। विवेचना की जा रही है।