41- बदलापुर में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद इलाके को बांस बल्ली लगाकर सील करते कर्मचारी।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। सीओ सदर के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शुक्रवार को पुलिस ऑफिस बंद रखा गया। यहां पूरे दिन सैनिटाइजेशन का कार्य होता रहा। एएसपी सिटी, सीओ सिटी सहित अन्य अफसरों ने कोतवाली में बैठकर काम निपआए। उधर, एक साथ दस मरीज मिलने के बाद हनुमानघाट में भी सैनिटाइजेशन और घर-घर जाकर रैपिड किट के जरिए स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस इलाके को कंटेन्मेंट जोन घोषित करते हुए सील कर दिया गया है। मोहल्ले के लोगों में भय बना हुआ है।
हनुमानघाट इलाके में ही सराफा की मंडी है। संकरी गलियों में स्थित मंडी में रोजाना हजारों लोग दूर-दराज से पहुंचते है। इस मोहल्ले में एक साथ दस मरीज मिलने के बाद लोगों में भय बना हुआ है। हालात के मद्देनजर इस इलाके को सील कर दिया गया है। शुक्रवार को यहां सैनिटाइजेशन के साथ ही घर-घर जाकर जांच का कार्य भी जारी होगा। लोगों की रैपिड किट से भी जांच की गई, ताकि कोरोना की पुष्टि के लिए रिपोर्ट का इंतजार न करना पड़ा। बतौर नोडल अधिकारी सीआरओ डॉ. सुनील कुमार वर्मा खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे थे। वाजिदपुर मोहल्ले में भी सैनिटाइजेशन व जांच का क्रम जारी रहा। उधर, धर्मापुर क्षेत्र के गजना गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शुक्रवार को ग्राम प्रधान ने पूरे गांव को सैनिटाइज कराया। नालियों में भी दवाओं का छिड़काव किया गया। प्रधान प्रतिनिधि अनिल कुमार यादव ने गांव के सफाईकर्मी धीरज गुप्ता, चंद्रशेखर मौर्य और राकेश के साथ गांव के सभी बस्तियों में जाकर सफाई कराई।
तीन दिन के लिए बंद कराई गईं दुकानें
रामपुर। स्थानीय बाजार में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मरीज को रात में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोविड अस्पताल पहुंचा दिया। शुक्रवार की सुबह उसके परिवार के लोग अपनी दो मिठाई और एक किराने की दुकान खोलकर दुकानदारी कर रहे थे। रामपुर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात यादव ने वहां पहुंच कर तीनों दुकानों को बंद करा दिया। उन्हें तीन दिन तक दुकान न खोलने के निर्देश दिए गए हैं।