रामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के आशानंदपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर अलविदा जुमा की नमाज मस्जिद में एक साथ पढ़ने से मना करने पर मारपीट हो गई। इसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
आशानंदपुर गांव में अलविदा जुमा की नमाज मस्जिद में एक साथ पढ़ने के लिए गांव के इश्तियाक अली ने मना किया। बावजूद इसके गांव के कुछ मनबढ़ मस्जिद में एक साथ नमाज अदा किए। नमाज के बाद एक साथ मस्जिद से निकले तो इस्तियाक अली के परिवार से कहासुनी करने लगे। आरोप है कि उनमें से कुछ लोग घर से लाठी, डंडा ,सरिया लेकर आए और इश्तियाक के पर हमला कर दिया। जिसमें छह लोग घायल हो गए। मनबढ़ों ने एक स्कार्पियो भी क्षतिग्रस्त कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इश्तियाक अली, मुनव्वर, शहाबुद्दीन की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुमताज, करिया, सोनू और शकीर के खिलाफ केस दर्ज किया है।