UP News: शाहगंज नगर के उसरा भांदी मोहल्ले में बृहस्पतिवार को बधाई लेने के क्षेत्र को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद हिंसक हो गया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। इस दौरान एक किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, उसरा भांदी मोहल्ले में किराये के मकान में रहने वाले गुलाबो और बिट्टू गुट के बीच लंबे समय से बधाई लेने के इलाके के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और पथराव होने लगा। अचानक हुए बवाल से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और स्थिति को देखकर सहम गए।