जौनपुर। सड़क हादसों पर रोक लगे इसके लिए सरकार गंभीर है। दीपावली तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का शासन का सख्त आदेश भी था, लेकिन अभी तक अधिकांश सड़कों की हालत जस की तस बनी हुई है। मियाद बीतने के बाद भी शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के कई सड़कों के गड्ढे अब भी पाटे नहीं जा सकें जिससे राहगीर हिचकोले खाने को विवश हैं।
आम लोगों को आवागमन में सहूलियत देने के मकसद से मुख्यमंत्री ने दीपावली से पहले सभी सड़कों के गड्ढे भरने के लिए निर्देशित किया था। पीडब्ल्यूडी की ओर से जिले की 1577 सड़कों जिसकी लंबाई 1275 किमी चयन कर गड्ढा मुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजा गया। इसके लिए छह करोड़ 39 लाख 10 हजार रुपये मंजूर भी हो गया था। जोर-शोर से काम तो हुआ, लेकिन कई सड़कों पर अभी तक गड्ढे नहीं भरे जा सके। नतीजा इन सड़कों पर लोग अब भी हिचकोले खाने को विवश हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग के मुताबिक जिले के लगभग सभी सड़कों का गड्ढामुक्त हो चुकी है। अमर उजाला की टीम मंगलवार को जब दावों का पड़ताल करने निकली तो हकीकत कुछ और नजर आई।
अभियान में चिन्हित करीब सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया गया है। जो सड़के छूटी होगी उन्हें भी शीघ्र ठीक करा दिया जाएगा। राहगीरों की समस्या का विशेष ध्यान दिया जाएगा।
-राजेंद्र कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड