शासन ने छह सौ एक्टिव केस वाले जिलों को आंशिक कोरोना कर्फ्यू में किसी तरह की छूट नहीं दी है। सोमवार तक जौनपुर भी इसी श्रेणी में रहा। यहां एक्टिव केस छह सौ से ज्यादा रहे। हालांकि छूट से पहले ही लोगों ने खुद से शहर को अनलॉक कर दिया। खरीदारी के लिए ऐसी भीड़ उमड़ी कि पूरा शहर जाम में जकड़ गया। दोपहर तक अधिकांश दुकानें भी खुली रहीं। जिनके शटर बंद थे, वह पिछले रास्तों से कारोबार कर रहे थे। घंटों जाम में फंसे लोग बेबस रहे। सोशल डिस्टेंसिंग की भी खूब धज्जियां उड़ी।
शहर के कोतवाली रोड से चहारसू होते हुए ओलंदगंज चौराहा और ओलंदगंज से जेसीज चौराहा तक भीड़ में वाहन रेंगते रहे। कोरोना से बेपरवाह होकर लोग अपने काम निपटाने, खरीदारी के लिए आतुर नजर आए। चौराहों पर खड़े ट्रैफिक पुलिस के जवान जाम हटवाने में ही जूूझते रहे। भीड़ में दो गज की दूरी का मानक दरकिनार था। नियमों की अनदेखी के बाद भी पुलिस-प्रशासन के लोग चुप्पी साधे रहे। दोपहर बाद उनके हरकत में आने पर स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ। सद्भावना पुल के पास पुलिस ने वाहनों को रोककर बेवजह घूमने वालों का चालान काटा।