मछलीशहर। स्थानीय कस्बे में शनिवार को दोपहर चाइनीज मांझा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। उसके गले में गंभीर घाव हो गए हैं। उसे एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
नगर के सादीगंज मोहल्ला निवासी सलमान (24) अपने दोस्त मोहम्मद सैद के साथ रोडवेज की डिपो की तरफ जा रहा था। दोनों अपने एक दोस्त से मिलने जा रहे थे। बाइक चला रहे सलमान के गले में चाइनीज मंझा फंस गया। इससे उसका गला कट गया। उसके गले में करीब तीन सेमी लंबा व आधा इंच गहरा घाव हो गया। गनीमत रही कि बाइक की रफ्तार कम थी। वरना चाइनीज मंझे से उसकी जान जा सकती थी। आस पास के लोगों की मदद से उसे एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। जहां इलाज के लिए उसे भर्ती किया गया है। उपजिलाधिकारी विमल कुमार दुबे का कहना है कि चाइनीज मंझा की बिक्री पर रोक लगाई गई है। इस मामले की जांच की जाएगी और जिस दुकान से मंझा खरीदा गया होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।