मछलीशहर। लॉक डाउन के कारण बंद चल रहे शिक्षण कार्य को गति देने की कवायद शुरू हो गई है। क्षेत्र के छाछो गांव में वालंटियर की मदद से कंपोजिट कक्षा का संचालन कर बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा रहा है।
शुक्रवार को गांव की पाल बस्ती की वालंटियर सविता पाल, पूनम पाल और सीमा पाल ने अपनी बस्ती के कक्षा 1 से 8 तक के लगभग 30 बच्चों को एकत्रित किया। अपने ही टोले में एक स्थान पर विद्यालय के शिक्षकों के सहयोग से बच्चों को शिक्षार्जन का काम शुरू किया। मौके पर उपस्थित शिक्षक सरोज सिंह, विनोद कुमार, गायत्री देवी, प्रीति गुप्ता, सरोज भारती व रामआसरे यादव शिक्षण कार्य में वालंटियर का सहयोग करते रहे। अध्यापकों ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण विद्यालय में पठन पाठन स्थगित चल रहा है, लेकिन विभाग के निर्देश पर गांव में जाकर एक-एक टोला में कक्षा संचालन करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत प्रयोग के तौर पर वालंटियर की मदद से पढ़ाई शुरू की गई है।