मड़ियाहूं स्थित रामलीला मैदान परिसर में रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इसमें 298 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे। अफसरों, जनप्रतिनिधियों ने उपहार देकर नवदंपतियों को विदा किया।
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस समारोह में जिले के सभी 21 ब्लॉकों से 298 जोड़ों ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गायत्री परिवार से आचार्य रणविजय और आचार्य जयचंद ने 298 जोड़ों का विवाह कराया। योजना के तहत एक बेटी की शादी पर सरकार की ओर से 51000 रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें से 35 हजार रुपये बेटी के खाते में भेजने के अलावा 10000 के गृहस्थी के सामान उपहार स्वरूप दिए जाते हैं। इसके अलावा 6000 भोजन और व्यवस्था पर खर्च किया जाता है। विधायक मड़ियाहूं डाॅ. आरके पटेल ने कहा कि गरीब और वंचित परिवार की कन्याओं के लिए शासन की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि सरकार की इस योजना से बेटियां अब मां-बाप के लिए बोझ नहीं बनेंगी। इस मौके पर पूर्व सांसद बीपी सरोज, मुख्य विकास अधिकारी साई तेजा सीलम, जॉइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं कुणाल गौरव, उप जिलाधिकारी योगिता सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल आदि उपस्थित रहे।